गुमशुदा नाबालिग बच्ची को बंधौरा पुलिस ने अंबिकापुर से किया दस्तयाब
सिंगरौली। बंधौरा पुलिस ने गुमशुदा नाबालिग बालिका को अंबिकापुर, जिला सरगुजा (छत्तीसगढ़) से दस्तयाब कर सकुशल उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई में टीम को महत्वपूर्ण सफलता मिली।
पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज के.एम., अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के निर्देशन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सिंगरौली रोशनी कुर्मी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी माड़ा शिवपूजन मिश्रा एवं चौकी प्रभारी बंधौरा संदीप नामदेव के नेतृत्व में टीम गठित कर बालिका की तलाश की जा रही थी।
पुलिस के अनुसार फरियादी ने चौकी बंधौरा में सूचना दी थी कि उसकी बहन 30 जून 2026 को सुबह करीब 11 बजे घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। सूचना के आधार पर गुम इंसान क्रमांक 44/26 एवं अपराध क्रमांक 477/26, धारा 137(2) बीएनएस के तहत 3 जुलाई को मामला दर्ज कर तलाश शुरू की गई।
लगातार प्रयासों और पतासाजी के बाद पुलिस टीम ने 17 अगस्त 2026 को बालिका को अंबिकापुर, जिला सरगुजा से दस्तयाब किया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे सुरक्षित उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
उक्त कार्यवाही में उप निरीक्षक संदीप नामदेव, सहायक उप निरीक्षक राजवर्धन सिंह, पंकज सिंह चंदेल एवं आरक्षक दिलीप धाकड़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।












