बघेल ढाबा में खाद्य विभाग और तहसीलदार की संयुक्त कार्रवाई, लिए गए खाद्य पदार्थों के सैंपल

सिंगरौली। माड़ा कस्बे में बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए वर्षों से संचालित बघेल ढाबा में छापा मारा। माड़ा तहसीलदार अमित मिश्रा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी (FSO) की टीम ने ढाबे में रखी मिठाई सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों की जांच की और उनके सैंपल लिए।
अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के होटल और ढाबा संचालकों में हड़कंप की स्थिति बन गई। टीम द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और अन्य मानकों की जांच की गई। सैंपल को जांच के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और नियमों के उल्लंघन की स्थिति स्पष्ट होगी।
बताया जा रहा है कि संयुक्त टीम की कार्रवाई की जानकारी आसपास के होटल एवं ढाबा संचालकों तक पहुंचते ही कई प्रतिष्ठान बंद कर संचालक मौके से चले गए। इससे कस्बे में कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
प्रशासन और खाद्य विभाग की इस कार्रवाई को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट के खिलाफ अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रह सकती है।












