सिंगरौली में जीरो टॉलरेंस अभियान का बड़ा प्रहार
बिना परमिट मालवाहन DD 01 AQ 9088 जब्त, अगस्त में ₹8.41 लाख शासकीय राजस्व एकत्रित

सिंगरौली- कलेक्टर गौरव बेनल के निर्देश एवं जिला परिवहन अधिकारी के मार्गदर्शन में परिवहन विभाग द्वारा जिलेभर में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत युद्ध स्तर पर मालवाहक एवं यात्री वाहनों की सघन जांच की जा रही है। अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा अवैध एवं नियमविरुद्ध परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
अभियान के दौरान चेक पॉइंट प्रभारी एवं टीम द्वारा बंधौरा एवं सासन क्षेत्र में विशेष वाहन जांच की गई। कार्रवाई के दौरान बिना परमिट मालवाहन क्रमांक DD 01 AQ 9088 को नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर जब्त कर सुरक्षार्थ RTO कार्यालय सिंगरौली परिसर में रखा गया है।
जांच के दौरान बिना तिरपाल खुले में रेत, गिट्टी, मिट्टी, कोयला एवं फ्लाई ऐश का परिवहन, ओवरलोडिंग, बिना PUC, रेडियम रिफ्लेक्टर का अभाव तथा अन्य दस्तावेजी अनियमितताओं पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। वहीं यात्री वाहनों में डबल डोर का अभाव, आपातकालीन खिड़की नहीं होना तथा निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियों का परिवहन पाए जाने पर भी मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई।
अगस्त में ₹8.41 लाख शासकीय राजस्व एकत्रित
परिवहन विभाग की लगातार कार्रवाई का असर राजस्व संग्रहण में भी देखने को मिला है। अगस्त माह में आज दिनांक तक ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से कुल ₹8,41,000/- (आठ लाख इकतालीस हजार रुपये) का शासकीय राजस्व एकत्रित किया गया है।
जनजागरूकता के साथ सड़क सुरक्षा पर जोर
परिवहन विभाग द्वारा कार्रवाई के साथ जनजागरूकता मिशन भी चलाया जा रहा है। RTO चेक पॉइंट सिंगरौली द्वारा भारी एवं मालवाहक वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं, ताकि रात्रि के समय वाहनों की दृश्यता बढ़े और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं वैध परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जीरो टॉलरेंस अभियान लगातार जारी रहेगा। ओवरलोडिंग, बिना तिरपाल परिवहन, बिना परमिट संचालन, प्रदूषण संबंधी नियमों की अनदेखी तथा यात्री सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों एवं संचालकों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।












