शराब दुकानों के आसपास अव्यवस्थित पार्किंग पर यातायात पुलिस की कार्रवाई, 15 वाहनों पर चालानी कार्रवाई

सिंगरौली। जिले में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज के.एम. (भापुसे) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में शहर क्षेत्र की शराब दुकानों और उनके आसपास के मार्गों पर विशेष अभियान चलाया गया।
यातायात प्रभारी सूबेदार आशीष तिवारी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने पाया कि कई वाहन चालक शराब दुकानों के आसपास मुख्य मार्ग, सड़क किनारे और आवागमन वाले स्थानों पर वाहन बेतरतीब तरीके से खड़े कर रहे थे। इससे सड़क का बड़ा हिस्सा प्रभावित हो रहा था और आम राहगीरों एवं वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।अव्यवस्थित पार्किंग के कारण जाम की स्थिति बनने के साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी बनी रहती है। यातायात पुलिस ने ऐसे वाहनों को चिन्हित कर व्हील लॉक लगाए तथा मोटरयान अधिनियम के तहत 15 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों को समझाइश दी गई कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें और मुख्य मार्ग, मोड़ या यातायात बाधित करने वाले स्थानों पर वाहन खड़ा करने से बचें।पुलिस ने शराब दुकान संचालकों को भी निर्देशित किया कि वे दुकानों के आसपास आने वाले ग्राहकों के वाहनों को व्यवस्थित रूप से खड़ा करवाएं और सड़क पर अव्यवस्था की स्थिति न बनने दें।पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि यातायात बाधित करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सिंगरौली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाने में सहयोग करें।













