बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कचनी बेलौहा टोला में जुए के फड़ पर पुलिस का छापा, दो जुआरी गिरफ्तार, 6800 रुपये बरामद

सिंगरौली। बैढ़न कोतवाली पुलिस ने जुआ फड़ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कचनी बेलौहा टोला में छापेमारी कर दो जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ताश के 52 पत्ते और 6800 रुपये नकद बरामद किए हैं। जुआ खेलने के लिए स्थान उपलब्ध कराने पर मकान मालिक को भी मामले में आरोपी बनाया गया है।

पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम. के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा तथा नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर ललित बैरागी के मार्गदर्शन में बैढ़न थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कचनी बेलौहा टोला निवासी सुरेश शाह के मकान की छत पर बने कमरे में जुए का फड़ संचालित हो रहा है।

सूचना के आधार पर थाना प्रभारी एवं पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान दो व्यक्ति ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाते हुए मिले, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों में भगवानदास शाह (64 वर्ष), निवासी कचनी चन्द्रमा टोला और दिलीप कुमार शाह (35 वर्ष), निवासी कचनी बेलौहा टोला शामिल हैं। पुलिस ने मौके से फड़ में रखे 3300 रुपये, भगवानदास शाह के पास से 2500 रुपये और दिलीप कुमार शाह के पास से 1000 रुपये जब्त किए।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं जुआ खेलने के लिए स्थान उपलब्ध कराने पर मकान मालिक सुरेश शाह को भी आरोपी बनाया गया है।इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी उनि पवन सिंह, सूबेदार आशीष तिवारी, उनि विनय शुक्ला, सउनि अशोक सिंह, सउनि मुनीन्द्र देव पाण्डेय, प्र.आर. रवि सिंह, प्र.आर. विनय सिंह एवं आरक्षक अंकित सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Author

Related Articles

Back to top button