एनटीपीसी विंध्याचल की लापरवाही से सड़क बनी तालाब, आधा मीटर पानी में फंसे राहगीर

सिंगरौली। जिले में बारिश ने सड़क व्यवस्था की पोल खोल दी है। एनटीपीसी विंध्यनगर गेट से मटबई लेबर गेट तक जाने वाली सड़क बारिश के बाद पूरी तरह तालाब में तब्दील हो गई है। सड़क पर आधा मीटर से अधिक पानी भरने के कारण आवागमन बुरी तरह प्रभावित है। हालात इतने खराब हैं कि कई स्थानों पर पानी कार के बोनट तक पहुंच रहा है, जबकि मोटरसाइकिल से निकलना भी जोखिम भरा हो गया है।
सबसे गंभीर स्थिति यह है कि इसी जलमग्न सड़क से स्कूली बच्चों को भी आवागमन करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक जलभराव के कारण कई वाहन रास्ते में बंद हो चुके हैं। वहीं सड़क पर मौजूद गड्ढे पानी में दिखाई नहीं देने से दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क किनारे पर्याप्त नाला और जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण एनटीपीसी परिसर से निकलने वाला पानी भी सड़क पर जमा हो जाता है। बारिश थमने के करीब 12 घंटे बाद भी सड़क पर जलभराव बना हुआ है।
लोगों का कहना है कि हर साल बारिश के दौरान यही समस्या सामने आती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों ने एनटीपीसी प्रबंधन और प्रशासन से सड़क की मरम्मत के साथ प्रभावी जलनिकासी व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि स्कूली बच्चों और राहगीरों को जान जोखिम में डालकर रास्ता पार न करना पड़े।













