नशे के खिलाफ छात्रों ने उठाया संकल्प, पॉलीटेक्निक बैढ़न में ‘नशा मुक्त भारत अभियान 3.0’ का समापन
जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ, पोर्टल पर पंजीयन कर बनाया ‘नशामुक्ति मित्र’

सिंगरौली। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग सिंगरौली के तत्वावधान में शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय बैढ़न में ‘नशा मुक्त भारत अभियान 3.0’ के समापन अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें नशामुक्त और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर रामचन्द्र यादव एवं सामाजिक न्याय विभाग से शिवम कुमार पटेल ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और नशे की गिरफ्त से बचकर ही स्वस्थ एवं मजबूत समाज का निर्माण किया जा सकता है। विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ ही अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक वर्ग एवं कार्यशाला प्रशिक्षकों की मौजूदगी में छात्र-छात्राओं को सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। इसके बाद भारत सरकार के नशामुक्ति पोर्टल पर विद्यार्थियों का ऑनलाइन पंजीयन कराया गया तथा उन्हें ‘नशामुक्ति मित्र’ के रूप में नामांकित किया गया।
महाविद्यालय परिसर में जागरूकता बैनर लगाकर नशामुक्त भारत का संदेश भी प्रसारित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की और नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।













