राजस्व वसूली और पीएम आवास योजना की समीक्षा, बड़े बकायेदारों पर कार्रवाई के निर्देश

सिंगरौली, 20 अगस्त 2026। नगर पालिक निगम में उपायुक्त आर.पी. बैस एवं सहायक आयुक्त ज्योति सिंह की मौजूदगी में वार्ड प्रभारियों एवं संबंधित कर्मचारियों की बैठक आयोजित कर राजस्व वसूली तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में उपायुक्त आर.पी. बैस ने वार्डवार राजस्व वसूली की स्थिति की जानकारी लेते हुए बड़े बकायेदारों से प्रभावी तरीके से वसूली करने के निर्देश दिए। जिन बकायेदारों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं, उनकी तामीली की पावती व्यवस्थित रूप से रखने को कहा गया। आगामी लोक अदालत को देखते हुए बड़े बकायेदारों की सूची तैयार कर संबंधित प्रकरणों में समय-सीमा के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए, ताकि अधिक से अधिक राजस्व प्रकरणों का निराकरण हो सके।
सहायक आयुक्त ज्योति सिंह ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत न्यू डीपीआर तैयार करने के लिए चल रहे वार्डवार सर्वे की समीक्षा की। उन्होंने सर्वे रिपोर्ट गंभीरता और समयबद्धता से तैयार करने तथा हितग्राहियों की पात्रता एवं दस्तावेजों का उचित सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में वार्ड पार्षद श्रीमती सीमा जायसवाल, सहायक आयुक्त एच.एम. श्रीवास्तव सहित सभी वार्डों के वार्ड प्रभारी एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने राजस्व वसूली, लोक अदालत की तैयारी और प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने पर जोर दिया।













