देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

पैलेट गन मामले में एफआईआर की मांग पर थाने में धरने पर बैठे राहुल-प्रियंका

जंतर-मंतर छात्र प्रदर्शन में घायल युवक की शिकायत दर्ज नहीं होने पर कांग्रेस नेताओं का विरोध

नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शन के दौरान कथित रूप से पैलेट गन की कार्रवाई में घायल हुए छात्र साहिल लोचब के मामले में एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन पहुंचे। शिकायत दर्ज नहीं किए जाने पर राहुल गांधी थाने में ही धरने पर बैठ गए। कुछ देर बाद कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा भी उनके साथ धरने में शामिल हो गईं।

राहुल गांधी के साथ घायल छात्र साहिल का परिवार भी मौजूद रहा। राहुल गांधी ने कहा कि जब तक मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की जाती और शिकायत की पावती नहीं दी जाती, तब तक वे वहां से नहीं जाएंगे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से यह भी जानकारी मांगी कि मामले की जांच अब तक किस स्तर तक पहुंची है।

कांग्रेस के अनुसार साहिल लोचब ने 14 अगस्त को अपने वकीलों के माध्यम से दिल्ली पुलिस को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन उसे एफआईआर या शिकायत संख्या उपलब्ध नहीं कराई गई। इसके बाद 17 अगस्त को ईमेल और फोन के जरिए भी पुलिस से संपर्क किया गया, लेकिन कोई पावती नहीं मिली।

राहुल गांधी ने पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और डीसीपी से मुलाकात कर कथित पुलिस कार्रवाई और छात्र प्रदर्शन के दौरान बल प्रयोग की शिकायत दर्ज करने की मांग की। उनका आरोप है कि 20 जुलाई को नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर हुए छात्र आंदोलन के दौरान जरूरत से ज्यादा बल का इस्तेमाल किया गया।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने पांच सदस्यीय उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की है। समिति की अध्यक्षता पूर्व न्यायमूर्ति आर. सुभाष रेड्डी कर रहे हैं। यह समिति जंतर-मंतर और देश के अन्य हिस्सों में छात्र प्रदर्शनकारियों पर कथित पुलिस ज्यादती और पैलेट गन के इस्तेमाल के आरोपों की जांच करेगी। छात्र उस समय नीट और अन्य परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे।

Author

Related Articles

Back to top button