बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

चलती अमृत भारत एक्सप्रेस पर बदमाशों का पथराव, लूट की कोशिश से मची अफरातफरी

कटनी साउथ के पास हुई घटना, घबराए यात्रियों को टीसी ने संभाला; रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

 

जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल में चर्लपल्ली से मुजफ्फरपुर जा रही अमृत भारत एक्सप्रेस में देर रात पथराव और कथित लूटपाट के प्रयास से यात्रियों में हड़कंप मच गया। घटना कटनी साउथ स्टेशन के समीप उस समय हुई, जब ट्रेन की रफ्तार धीमी हुई और अचानक बदमाशों ने ट्रेन पर पत्थर बरसाना शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या १५२९४ चर्लपल्ली-मुजफ्फरपुर अमृत भारत एक्सप्रेस गुरुवार रात जबलपुर से कटनी की ओर रवाना हुई थी। कटनी साउथ के नजदीक पहुंचते ही ट्रेन पर अचानक पथराव शुरू हो गया। यात्रियों के मुताबिक इसी दौरान बदमाशों ने लूटपाट का प्रयास भी किया, जिससे डिब्बों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

टीसी ने संभाला मोर्चा, यात्रियों को किया सुरक्षित

घटना के दौरान ट्रेन में मौजूद टिकट चेकिंग स्टाफ अनिल कुमार ने तत्परता दिखाते हुए यात्रियों को सतर्क किया। उन्होंने यात्रियों से खिड़कियां और दरवाजे बंद करने को कहा तथा घबराए लोगों को संभालने का प्रयास किया। बताया गया कि पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई।

यात्रियों का कहना है कि संकट के समय सुरक्षा बल की मौजूदगी नजर नहीं आई और टिकट चेकिंग स्टाफ ने ही तत्काल स्थिति संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

घटना के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। यात्रियों ने संवेदनशील रेल मार्गों पर रात के समय नियमित गश्त और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। सवाल यह भी उठ रहा है कि यदि क्षेत्र में पहले भी इस तरह की घटनाएं होती रही हैं तो संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा क्यों नहीं बढ़ाई गई।

फिलहाल घटना ने रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। यात्रियों का कहना है कि ट्रेन में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी और तत्काल उपलब्ध होनी चाहिए।

Author

Related Articles

Back to top button