वृंदावन में निर्माणाधीन मॉल की शटरिंग बनी मौत का जाल, मलबे में दबकर 3 मजदूरों की मौत
सुबह अचानक भरभराकर गिरा ढांचा, चार मजदूर दबे; एक की हालत गंभीर, निर्माण स्थल सील कर जांच शुरू

वृंदावन। उत्तर प्रदेश के वृंदावन में शुक्रवार सुबह निर्माणाधीन ओमैक्स मॉल में बड़ा हादसा हो गया। रुक्मिणी विहार के पास निर्माणाधीन मॉल की शटरिंग अचानक भरभराकर गिर गई, जिसके नीचे चार मजदूर दब गए। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य कराया।
सुबह करीब 7 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार मॉल का निर्माण पिछले करीब तीन वर्षों से चल रहा है। शुक्रवार सुबह लगभग 7 बजे मजदूर निर्माण स्थल पर शटरिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान शटरिंग का बड़ा हिस्सा अचानक नीचे आ गिरा और चार मजदूर मलबे में दब गए। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू कर मजदूरों को बाहर निकाला।
घायलों को सौ शैय्या अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो और मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार हादसे में कुल तीन मजदूरों की मौत हुई है।
मृतकों में नेपाल और पश्चिम बंगाल के मजदूर
हादसे में नेपाल निवासी 42 वर्षीय शिवराम तथा पश्चिम बंगाल के कूचबिहार निवासी 28 वर्षीय रफ्यूल और 30 वर्षीय आलम की मौत हुई है। वहीं पश्चिम बंगाल निवासी 45 वर्षीय दिलदार सिंह गंभीर रूप से घायल हैं। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
बताया गया कि निर्माण स्थल पर रोजाना करीब 50 मजदूर काम करते हैं, लेकिन हादसे के समय वहां केवल पांच मजदूर मौजूद थे। एक मजदूर कुछ देर के लिए घटनास्थल से दूर चला गया था, जिससे उसकी जान बच गई।
निर्माण स्थल सील, जांच शुरू
एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। हादसे के बाद निर्माण स्थल को सील कर दिया गया है। शटरिंग गिरने के कारणों और निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों के पालन की जांच की जा रही है। हादसे ने निर्माण स्थलों पर मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।













