देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

रामपुरा फूल में आप को झटका, कई वरिष्ठ नेताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ

चंडीगढ़। पंजाब के रामपुरा फूल क्षेत्र में आम आदमी पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी से जुड़े कई वरिष्ठ नेताओं और स्थानीय पदाधिकारियों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। कांग्रेस महासचिव एवं पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने सभी नए सदस्यों का स्वागत किया।

कांग्रेस में शामिल होने वालों में वर्ष 2017 में रामपुरा फूल विधानसभा सीट से आप प्रत्याशी रहे मनजीत सिंह सिद्धू प्रमुख हैं। उनके साथ गोल्डी वर्मा, निनी बंसल, सुरेश बहिया, नगर पार्षद सतीश कुमार, नीरज चौधरी, नीरज सिंगला, रामनिंदर सिंह, लड्डी संधू और मनप्रीत भुल्लर सहित कई स्थानीय नेताओं ने कांग्रेस का दामन थामा।

कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि आप सरकार के कामकाज से पंजाब के लोगों में निराशा बढ़ रही है। भूपेश बघेल ने कहा कि सत्तारूढ़ दल के नेताओं का कांग्रेस में शामिल होना बदलते राजनीतिक माहौल का संकेत है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ऐसी सरकार चाहती है जो राज्य और लोगों के हितों को प्राथमिकता दे।

राजा वड़िंग ने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के कांग्रेस में आने से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा। उन्होंने नए सदस्यों से पार्टी को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

वहीं कांग्रेस में शामिल नेताओं ने आप छोड़ने के पीछे सरकार के कामकाज और जनता की अपेक्षाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुख कारण बताया। उनका कहना है कि जिन उम्मीदों के साथ लोगों ने आप को सत्ता सौंपी थी, वे पूरी नहीं हुईं।

रामपुरा फूल में एक साथ कई नेताओं के दल बदलने से स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि इसका वास्तविक चुनावी प्रभाव आगामी चुनाव में ही स्पष्ट होगा।

Author

Related Articles

Back to top button