ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

शराब से भरा वाहन पकड़ ग्रामीणों ने रोका, आबकारी अमले के पहुंचने से पहले कारोबारी फरार

 

सिंगरौली। जिले के तेलदह क्षेत्र में शराब से भरे एक वाहन को ग्रामीणों द्वारा रोके जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने वाहन को पकड़कर आबकारी विभाग को सूचना दी, लेकिन समय पर अमला मौके पर नहीं पहुंचा, जिसके कारण वाहन से जुड़े लोग वहां से फरार हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने मामले में जांच और कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार तेलदह क्षेत्र में ग्रामीणों को एक संदिग्ध वाहन दिखाई दिया, जिसमें शराब होने की आशंका पर उन्होंने वाहन को रोक लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने आबकारी विभाग को सूचना देकर कार्रवाई का इंतजार किया। ग्रामीणों का आरोप है कि काफी समय बीतने के बाद भी आबकारी टीम मौके पर नहीं पहुंची और इसी दौरान शराब से जुड़े लोग वाहन लेकर निकल गए।

स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि बरगवां स्थित शराब दुकान से तेलदह क्षेत्र तक शराब पहुंचाई जा रही थी। ग्रामीणों ने बिना नंबर के वाहन से शराब परिवहन किए जाने की बात भी कही है। हालांकि इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री और सप्लाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मामले की जांच केवल वाहन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि शराब कहां से आई और किसके माध्यम से पहुंचाई जा रही थी, इसकी भी जांच होनी चाहिए।
वहीं आबकारी विभाग की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं कि सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर क्यों नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। अब लोगों की नजर आबकारी विभाग की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Author

Related Articles

Back to top button