बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सरई के बंजारी जंगल में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई आशंका; जांच में जुटी पुलिस

सिंगरौली। जिले के सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत निवास चौकी के बंजारी गांव में शुक्रवार दोपहर एक युवक का शव पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बंजारी निवासी शिवम बैगा के रूप में हुई है।

घर से 500 मीटर दूर जंगल में मिला शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक अपने घर से करीब 500 मीटर दूर जंगल की ओर गया था। कुछ समय बाद स्थानीय ग्रामीणों ने जंगल में पेड़ से लटके शव को देखा और तुरंत इसकी सूचना निवास चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) निवास भेजा गया।

शव की स्थिति पर परिजनों ने खड़े किए सवाल
युवक ने यह आत्मघाती कदम किन कारणों से उठाया, इसकी कोई ठोस वजह परिजन अभी नहीं बता पा रहे हैं। हालांकि, परिजनों ने शव की स्थिति को लेकर संदेह व्यक्त किया है। उनका कहना है कि शव के दोनों पैर जमीन की ओर मुड़े हुए थे, जिससे घटना की परिस्थितियों को लेकर आशंकाएं उत्पन्न हो रही हैं।

सभी पहलुओं पर जांच जारी
थाना प्रभारी प्रहलाद मस्कुले ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों के बयानों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की सभी संभावित पहलुओं से गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Author

Related Articles

Back to top button