बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

राजीव गांधी जयंती पर कांग्रेस ने दिया सद्भावना और हरित भारत का संदेश

सर्वधर्म सभा, सद्भावना यात्रा, प्रतिमा पर माल्यार्पण और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित

सिंगरौली। पूर्व प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के शिल्पकार स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर जिला कांग्रेस कमेटी शहर सिंगरौली द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जिला कांग्रेस सेवादल की ओर से सर्किट हाउस में सर्वधर्म समभाव एवं सद्भावना सभा आयोजित की गई। इसके बाद सद्भावना संदेश यात्रा एवं पैदल मार्च निकाला गया और माजन मोड़ स्थित राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। वहीं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवानगर द्वारा मेडिकल कॉलेज परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

सर्वधर्म सभा में हिंदू सनातन धर्म गुरु डॉ. एनपी मिश्रा, सिख धर्म गुरु धर्मेंद्र सिंह, मुस्लिम धर्म गुरु मोहम्मद हाफिज हुसैन तथा ईसाई धर्म गुरु जोशी कुरीथाकोश ने शांति, भाईचारे, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। उन्होंने राजीव गांधी के जीवन एवं देश के विकास में उनके योगदान को याद किया।

जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष रूपेश चन्द्र पाण्डेय ने कहा कि राजीव गांधी ने देश को 21वीं सदी की दिशा में आगे बढ़ाने के साथ सूचना एवं संचार क्रांति की नींव मजबूत की। जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने उन्हें दूरदर्शी नेता बताते हुए कहा कि उनकी तकनीकी सोच ने भारत के विकास को नई दिशा दी।ब्लॉक कांग्रेस नवानगर अध्यक्ष पंकज पाण्डेय ने वृक्षारोपण को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए लगाए गए पौधों की देखभाल का संकल्प दिलाया।

कार्यक्रमों में पूर्व महापौर रेनू शाह, राम अशोक शर्मा, अरविंद सिंह चंदेल, ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू, केडी सिंह, अनिल सिंह, अखिलेश सिंह, शालिनी श्रीवास्तव, विद्यासागर वैश्य, सीमा भारती सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button