शराब पीकर वाहन चलाने वाले 7 ट्रक चालकों पर यातायात पुलिस की कार्रवाई
57 वाहनों की हुई जांच, 7 ट्रक जब्त कर न्यायालय में पेश किए जाएंगे; ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की भी होगी कार्रवाई

सिंगरौली। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के पालन को लेकर सिंगरौली यातायात पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक श्री षियाज के.एम. के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा और नगर पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार के मार्गदर्शन में 22-23 अगस्त की मध्यरात्रि शहर के विभिन्न स्थानों पर औचक चेकिंग की गई।
यातायात पुलिस की अलग-अलग टीमों ने निगाही मोड़, अमलोरी तिराहा और पुराना ट्रैफिक तिराहा पर वाहनों की जांच की। इस दौरान करीब 57 वाहनों को चेक किया गया। चालकों को शराब अथवा किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन कर वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई। पुलिस ने बताया कि नशे की स्थिति में वाहन चलाने से चालक का मानसिक संतुलन प्रभावित होता है और वाहन पर नियंत्रण कम हो जाता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।
चेकिंग के दौरान 7 ट्रक चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। यातायात पुलिस ने संबंधित ट्रकों को जब्त कर लिया है। सभी वाहनों को निराकरण के लिए माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।पुलिस के अनुसार शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस को छह माह के लिए निलंबित कराने हेतु न्यायालय के आदेश के आधार पर संबंधित जिला परिवहन कार्यालय को प्रस्ताव भेजा जाएगा।यातायात पुलिस का कहना है कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई से सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में मदद मिल रही है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब या किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।













