बारिश के मौसम में जल निकासी एवं मच्छर नियंत्रण को लेकर निगम का विशेष अभियान जारी
नालियों की सफाई, जल निकासी एवं कीटनाशक छिड़काव का कार्य लगातार जारी

सिंगरौली, 24 अगस्त 2026। बारिश के मौसम में जलभराव, मच्छर एवं अन्य कीटों से होने वाली समस्याओं की रोकथाम तथा नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम सिंगरौली द्वारा विशेष स्वच्छता एवं कीट नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान के निर्देशानुसार निगम के विभिन्न जोनों एवं वार्डों में नालियों की साफ-सफाई, जल निकासी तथा कीटनाशक दवाओं के छिड़काव का कार्य लगातार कराया जा रहा है। इसी क्रम में मोरवा जोन अंतर्गत बस स्टैंड एवं बागी रेडियो लाइन क्षेत्र में निगम अमले द्वारा कीटनाशक पाउडर का छिड़काव कराया गया। बारिश के दौरान नालियों में पानी के ठहराव से मच्छरों एवं अन्य कीटों के पनपने की संभावना बढ़ जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए नालियों एवं जलभराव वाले स्थानों की सफाई के साथ आवश्यकतानुसार कीटनाशक दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है।
इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 20 के जैतपुर वैश्य मोहल्ला में पुल के पास जल निकासी के लिए बनी जलकुंडी में जाम की स्थिति उत्पन्न होने पर नगर निगम की जेसीबी मशीन के माध्यम से जाम को खुलवाया गया। जाम हटाए जाने से पानी की निकासी सुचारू हुई तथा जलभराव की संभावित स्थिति को दूर किया गया। नगर निगम द्वारा वार्डों में नालियों की नियमित साफ-सफाई कर जल निकासी को सुचारू बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नालियों में जमा कचरा, गाद एवं अन्य अवरोधों को हटाकर पानी के निर्बाध प्रवाह की व्यवस्था की जा रही है, जिससे बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति निर्मित न हो। साथ ही ऐसे स्थानों को चिन्हित किया जा रहा है, जहां बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहता है, ताकि वहां आवश्यकतानुसार सफाई एवं कीटनाशक छिड़काव कराया जा सके।
निगम के स्वच्छता अमले द्वारा सार्वजनिक स्थलों, आवासीय क्षेत्रों, मुख्य मार्गों एवं नालियों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
विशेष रूप से बस स्टैंड एवं अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि नागरिकों को आवागमन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।नगर निगम आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं स्वच्छता अमले को निर्देशित किया है कि बारिश के मौसम में जल निकासी व्यवस्था, नालियों की सफाई एवं कीटनाशक छिड़काव के कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा आवश्यकता वाले क्षेत्रों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।









