दिल्ली में बारिश का कहर, सड़कें बनीं तालाब
रेड अलर्ट के बीच 18 उड़ानें रद्द, 146 लेट; कई इलाकों में भारी जलभराव

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में मंगलवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। मौसम विभाग के रेड अलर्ट के बीच शहर के कई हिस्सों में भारी जलभराव हो गया। सड़कें तालाब में तब्दील होने से यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित रही और कई प्रमुख मार्गों पर वाहन रेंगते नजर आए।
एयरलाइन ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म फ्लाइट राडार24 के अनुसार, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर खराब मौसम के कारण 18 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि 146 उड़ानें देरी से संचालित हुईं। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
राम मनोहर लोहिया अस्पताल, एम्स, अशोक रोड और सुप्रीम कोर्ट के आसपास भी जलभराव की स्थिति बनी। एम्स के पास फ्लाईओवर लूप पर पानी भरने से यातायात बेहद धीमा हो गया।
मौसम विभाग ने दिल्ली के कई इलाकों के लिए भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी। रेड अलर्ट सुबह 9:45 बजे तक प्रभावी रहा, जबकि गुरुग्राम और फरीदाबाद के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया।
24 अगस्त तक सफदरजंग में सामान्य से 29 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी थी। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और निचले स्तर के ट्रफ के प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में बारिश का दौर तेज हुआ है।













