झांसी में 40 दिन का मेगा ब्लॉक, कई ट्रेनों के बदले रूट
20 नवंबर से 29 दिसंबर तक असर, ग्वालियर से चलेगी ताज एक्सप्रेस

ग्वालियर। झांसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बैलेस्टलेस ट्रैक निर्माण के चलते 20 नवंबर से 29 दिसंबर तक 40 दिनों का मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान झांसी स्टेशन पर ट्रैफिक रेगुलेशन लागू रहेगा, जिससे ग्वालियर से गुजरने वाली कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने कुछ ट्रेनों के मार्ग बदले हैं, जबकि कुछ का संचालन ग्वालियर से किया जाएगा।
ताज एक्सप्रेस (12279) 20 नवंबर से 29 दिसंबर तक झांसी के बजाय ग्वालियर से नई दिल्ली के लिए रवाना होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 12280 झांसी जाने के बजाय ग्वालियर में ही यात्रा समाप्त करेगी।
ग्वालियर-बरौनी मेल (11123) को इटावा-कानपुर होकर बरौनी भेजा जाएगा, जबकि बरौनी-ग्वालियर मेल (11124) कानपुर-इटावा होते हुए ग्वालियर पहुंचेगी।
इसके अलावा फिरोजपुर-नांदेड़, बरेली-एलटीटी और बरेली-इंदौर एक्सप्रेस के मार्ग में भी बदलाव किया गया है। ये ट्रेनें निर्धारित दिनों में ग्वालियर-गुना-बीना अथवा ग्वालियर-गुना-मक्सी मार्ग से संचालित होंगी।
दरभंगा-अहमदाबाद और अहमदाबाद-दरभंगा स्पेशल ट्रेनों को भी निर्धारित तिथियों में इटावा-ग्वालियर-गुना मार्ग से चलाया जाएगा। यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन के संचालन और मार्ग की जानकारी रेलवे से जांचने की सलाह दी गई है।













