देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

धतूरे की बिक्री पर एक्शन, तीन ई-कॉमर्स कंपनियों के लाइसेंस निलंबित

 

बेंगलुरू। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर धतूरे के फल और बीजों को खाद्य उत्पाद के तौर पर बेचने के मामले में कर्नाटक खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। विभाग ने अमेजन, स्विगी इंस्टामार्ट और बिगबास्केट के फूड लाइसेंस अगले आदेश तक निलंबित कर दिए हैं।

विभाग के अनुसार, इन प्लेटफॉर्म पर धतूरे के फल और बीजों की लिस्टिंग खाद्य सामग्री के रूप में की गई थी। इसे खाद्य सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन मानते हुए तीनों कंपनियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही धतूरे से संबंधित सभी लिस्टिंग और विज्ञापन तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि धतूरे के फल और बीजों को मानव उपभोग के लिए खाद्य सामग्री के रूप में बेचना या वितरित करना प्रतिबंधित है। धतूरा जहरीला पौधा है और इसके सेवन से गंभीर विषाक्तता हो सकती है। अधिक मात्रा में सेवन स्वास्थ्य के लिए जानलेवा भी साबित हो सकता है।

विभाग ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म को भविष्य में भी ऐसी सामग्री की खाद्य उत्पाद के रूप में बिक्री रोकने के निर्देश दिए हैं। कार्रवाई के बाद ई-कॉमर्स कंपनियों पर उपलब्ध खाद्य सामग्री की लिस्टिंग और सुरक्षा जांच को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल तीनों कंपनियों की ओर से मामले पर कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Author

Related Articles

Back to top button