ऊना में श्रद्धालुओं से भरा वाहन खाई में गिरा, 50 घायल

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना में मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीरनिगाह मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा 14 टायर का मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे में करीब 50 श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना है। घायलों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं। कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार हरियाणा के करनाल जिले के इंद्री क्षेत्र के साथ पानीपत, फतेहाबाद और आसपास के इलाकों से श्रद्धालुओं का जत्था रविवार को पीरनिगाह पहुंचा था। मंगलवार सुबह दर्शन के बाद श्रद्धालु वापस लौट रहे थे। मंदिर से करीब दो किलोमीटर दूर उतराई वाले हिस्से में चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। इसके बाद वाहन सड़क से बाहर निकलकर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायलों को बाहर निकालकर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ के अनुसार प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।













