एनटीपीसी विंध्यनगर में 26 अगस्त को होगी जिला स्तरीय योगासन स्पोर्ट्स प्रतियोगिता

सिंगरौली। सिंगरौली योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा जिला स्तरीय योगासन स्पोर्ट्स प्रतियोगिता का आयोजन 26 अगस्त 2026 को एनटीपीसी विंध्यनगर स्थित वीवा क्लब में किया जाएगा। प्रतियोगिता सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए डॉ. आरडी पांडेय, अध्यक्ष, सिंगरौली योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन, जिला सिंगरौली ने बताया कि प्रतियोगिता में जिलेभर से योगासन स्पोर्ट्स के प्रतिभागी बालक एवं बालिकाएं हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में सब जूनियर वर्ग (10 से 14 वर्ष), जूनियर वर्ग (14 से 18 वर्ष) एवं सीनियर वर्ग (18 वर्ष से अधिक) के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। विजेता प्रतिभागियों को जिला योगासन टीम द्वारा प्रमुख अतिथियों की उपस्थिति में सम्मानित किया जाएगा।
डॉ. पांडेय ने बताया कि जिले से चयनित प्रतिभागियों को प्रदेश स्तर पर खेलने का अवसर मिलेगा। इसके बाद चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर, एशियन गेम्स तथा खेलो इंडिया जैसे बड़े खेल आयोजनों में भागीदारी कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि योगासन खेल में प्राप्त प्रमाण-पत्रों को पुलिस एवं सेना भर्ती में खेल कोटे के तहत वरीयता प्रदान की जाएगी।
उन्होंने जिले के सभी योग खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों से प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।












