देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

यूपी समेत तीन राज्यों में अकेले चुनाव लड़ेगी बसपा, मायावती ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के दिए निर्देश

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर अपनी चुनावी रणनीति स्पष्ट कर दी है। बसपा प्रमुख मायावती ने मंगलवार को कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश के साथ पंजाब और उत्तराखंड में भी किसी राजनीतिक दल से गठबंधन किए बिना अपने दम पर चुनाव मैदान में उतरेगी।

लखनऊ में हुई पार्टी की बैठक में मायावती ने संगठन और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने पदाधिकारियों को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने तथा कर्मठ और ईमानदार कार्यकर्ताओं को चुनाव मैदान में उतारने पर जोर दिया। मायावती ने कहा कि गठबंधन की राजनीति से बसपा को सीटों और वोट प्रतिशत दोनों स्तरों पर नुकसान उठाना पड़ा है। इसी अनुभव के आधार पर तीनों राज्यों में पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से विरोधियों की रणनीतियों का मजबूती से मुकाबला करते हुए चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। बैठक में आगामी 9 अक्टूबर को बसपा संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भी निर्देश दिए गए।

इसके अलावा 15 जनवरी 2027 को ‘जनकल्याणकारी दिवस’ पर पार्टी की ओर से किए जाने वाले आर्थिक सहयोग को पिछले वर्ष से बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। मायावती ने कहा कि बसपा का लक्ष्य गरीब, बेरोजगार और वंचित वर्गों को सम्मानजनक जीवन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने वाली नीतियों को आगे बढ़ाना है।

Author

Related Articles

Back to top button