देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

टीआरई-4 की एकल परीक्षा की मांग पर पटना में छात्रों का हंगामा, वाटर कैनन से रोका मार्च

 

पटना। बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा टीआरई-4 की एकल परीक्षा कराने समेत विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को पटना में छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया। गांधी मैदान से शुरू हुआ छात्रों का मार्च डाकबंगला चौराहे तक पहुंचा, जहां पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी। बैरिकेड पार करने की कोशिश पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और बाद में हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया। कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

प्रदर्शन को देखते हुए गांधी मैदान और डाकबंगला चौराहे के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। वाटर कैनन के बावजूद छात्र मौके पर डटे रहे और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते रहे। कई छात्र हाथों में तिरंगा लेकर प्रदर्शन करते नजर आए।

छात्रों ने कहा कि वे शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग सरकार तथा बिहार लोक सेवा आयोग तक पहुंचाना चाहते हैं। उनकी प्रमुख मांग टीआरई-4 की एकल परीक्षा कराने की है। इसके अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं में देरी, कथित पेपर लीक और परीक्षा प्रक्रिया में अनियमितताओं पर जवाबदेही तय करने की मांग की गई।

मौके पर जिलाधिकारी कुंदन कुमार और एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। छात्रों ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

Author

Related Articles

Back to top button