बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक आयोजित

कलेक्टर ने नशा विरोधी अभियान को प्रभावी बनाने एवं अवैध मादक खेती पर सख्त निगरानी के दिए निर्देश

सीमावर्ती राज्यों के जिलों से समन्वय बनाकर की जाए कार्रवाईः कलेक्टर गौरव बैनल

सिंगरौली,। जिले में नशीले पदार्थों की रोकथाम, अवैध मादक पदार्थों की खेती एवं नशा तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री गौरव बैनल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री सियाज के.एम. एवं वनमण्डल अधिकारी श्री अखिल बंसल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विभागवार कार्ययोजना की समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित सूचनाओं का संबंधित विभागों एवं पुलिस के बीच तत्काल आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जिले में अफीम, भांग आदि मादक पदार्थों की अवैध खेती पर सतत एवं प्रभावी निगरानी रखने तथा ऐसी गतिविधियां पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि जिले से लगे सीमावर्ती राज्यों के जिलों से निरंतर समन्वय स्थापित कर मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए।

 

उन्होंने अन्य राज्यों से जुड़े प्रकरणों में जांच की प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्कूलों एवं महाविद्यालयों में नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के संबंध में व्यापक जागरूकता अभियान संचालित करने तथा एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों एवं कार्रवाई की प्रक्रिया के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने हॉस्टल के आसपास बंद पड़े कारखानों की भी जांच करने तथा ऐसी कंपनियों, जहां रासायनिक पदार्थों का निर्माण किया जाता है, वहां नियमित रूप से जांच एवं निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

 

बैठक में वीसी के माध्यम से एनसीबी भोपाल द्वारा आवश्यक सुझाव एवं दिशा-निर्देश भी दिए गए। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा, सहायक कलेक्टर श्रीमती सौम्या मिश्रा, आबकारी अधिकारी श्री सतीश कश्यप, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती कविता त्रिपाठी, नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर श्री आरपी बैस, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती रेखा पंचाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button