छाते की छांव में संवरेंगे बच्चों के सपने, हिंडालको महान ने 438 विद्यार्थियों को बांटे छाते
‘अध्ययन’ परियोजना के तहत बारिश में भी नियमित स्कूल पहुंचने के लिए की गई पहल

सिंगरौली। बारिश की वजह से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो और उनकी शिक्षा की राह लगातार जारी रहे, इसी उद्देश्य से हिंडालको महान के सीएसआर विभाग द्वारा संचालित ‘अध्ययन’ परियोजना के अंतर्गत बाघाडीह हाई स्कूल एवं बाघाडीह मिडिल स्कूल, भलुही टोला में छाता वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 6वीं से 10वीं तक के 438 विद्यार्थियों को छाते वितरित किए गए।
कार्यक्रम में हिंडालको महान के मानव संसाधन प्रमुख डॉ. विवेकानंद मिश्रा एवं सीएसआर टीम के सदस्य उपस्थित रहे। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. मिश्रा ने कहा कि बारिश बच्चों के सपनों और शिक्षा की राह में बाधा नहीं बननी चाहिए। छोटी-छोटी सुविधाएं भी विद्यार्थियों को नियमित विद्यालय पहुंचने में बड़ी मददगार साबित होती हैं।
उन्होंने बच्चों को मेहनत, अनुशासन और नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं, इसलिए उनकी शिक्षा और सुविधाओं के लिए सामुदायिक सहयोग जरूरी है।
इस पहल का उद्देश्य वर्षा ऋतु में विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बनाए रखना है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में बघाडीह के पूर्व सरपंच धर्मेंद्र द्विवेदी सहित हिंडालको महान सीएसआर विभाग के संजय सिंह, अभिजीत रंजन, शीतल श्रीवास्तव एवं धीरेन्द्र तिवारी का विशेष योगदान रहा। छाते पाकर विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।













