द्वादश ज्योतिर्लिंगों के वर्णन से भक्तिमय हुआ रामलीला मैदान, शिव महापुराण कथा का हुआ समापन
सत्य, धर्म और संयम के मार्ग पर चलने की स्वामी लवदास महाराज ने दी प्रेरणा, बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु

सिंगरौली। श्री नारायण सेवा समिति व्यापार मंडल बैढ़न के तत्वावधान में रामलीला मैदान में आयोजित दिव्य शिव महापुराण कथा का विश्राम दिवस श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। वृंदावन से पधारे राष्ट्रीय संत पूज्य स्वामी लवदास जी महाराज ने कथा के अंतिम दिवस भगवान शिव के द्वादश ज्योतिर्लिंगों की महिमा का विस्तार से वर्णन किया। कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और पूरा पंडाल हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।

स्वामी लवदास महाराज ने कहा कि कथा श्रवण मनुष्य के जीवन का वास्तविक अमृत है। भगवान शिव की भक्ति से मन को शांति मिलती है और व्यक्ति सत्य, धर्म, संयम एवं सदाचार के मार्ग पर आगे बढ़ता है।
उन्होंने सोमनाथ, मल्लिकार्जुन, महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, केदारनाथ, भीमशंकर, विश्वनाथ, त्र्यंबकेश्वर, वैद्यनाथ, रामेश्वर, नागेश्वर एवं घुश्मेश्वर ज्योतिर्लिंगों की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि भगवान शिव के प्रति सच्ची श्रद्धा जीवन को पवित्र बनाती है।
कथा के दौरान महाकाल ज्योतिर्लिंग से जुड़ी राजा चंद्रसेन और बालक श्रीकर की कथा, ओंकारेश्वर में विंध्य पर्वत की तपस्या, काशी विश्वनाथ की महिमा, शिवरात्रि व्रत तथा घुश्मेश्वर ज्योतिर्लिंग के प्राकट्य प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
महाराज ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी मनुष्य को सत्य और धर्म का साथ नहीं छोड़ना चाहिए। भगवान के प्रति अटूट विश्वास, संयम और सदाचार ही जीवन को सफल बनाते हैं।
मीडिया साथियों का किया सम्मान
शिव महापुराण कथा के सफल आयोजन एवं धार्मिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करने वाले मीडिया साथियों का आयोजन समिति एवं स्वामी लवदास महाराज द्वारा सम्मान किया गया। पत्रकारों को अंगवस्त्र भेंट कर आभार व्यक्त किया गया।
गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
कथा में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कांत देव सिंह, सिंगरौली विकास प्राधिकरण अध्यक्ष वीरेंद्र गोयल, पूर्व नगर निगम अध्यक्ष चंद्र प्रताप विश्वकर्मा, नरेश शाह, मुकेश तिवारी, सुरेश अग्रहरि, लक्ष्मण बैस, अशोक सिंह, गोपाल अग्रवाल, डॉ. डीके मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विश्राम दिवस पर रामलीला मैदान का वातावरण पूरी तरह शिवमय नजर आया। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन और जयघोष के बीच भगवान शिव की आराधना की।













