बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

जमीन के लालच में दामाद बना सास का हत्यारा, गमछे से गला घोंटकर उतारा मौत के घाट

बरगवां पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई अंधी हत्या की गुत्थी, आरोपी गिरफ्तार

सिंगरौली। बरगवां थाना पुलिस ने अंधी हत्या के मामले का खुलासा करते हुए मृतका के दामाद को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने जमीन अपने नाम नहीं करने से नाराज होकर लकवाग्रस्त सास की गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अज्ञात कारणों से मौत की सूचना दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल बैढ़न भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार 22 अगस्त 2026 को राजेन्द्र प्रसाद यादव (40), निवासी मझिगवां थाना बरगवां ने सूचना दी थी कि उसके साथ रह रही सास भानमती यादव (52), निवासी जरहा थाना माड़ा की अज्ञात कारणों से मौत हो गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें मौत संदिग्ध पाए जाने पर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम. एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के निर्देशन में एसडीओपी रोशनी कुर्मी तथा थाना प्रभारी बरगवां अनिल कुमार पटेल के नेतृत्व में टीम गठित कर मामले की जांच की गई। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस को दामाद राजेन्द्र यादव पर संदेह हुआ।

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि भानमती यादव अपनी बेटी और दामाद के साथ रह रही थी। वह लंबे समय से लकवाग्रस्त थी और चलने-फिरने में असमर्थ थी। आरोपी अपनी सास की जमीन अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी कारण उसने 21-22 अगस्त की रात मौका पाकर गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले के खुलासे में बरगवां पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Author

Related Articles

Back to top button