तेज रफ्तार कार ने कीर्तन कर रहे लोगों को कुचला, पांच की मौत; हादसे के बाद सड़क जाम और अस्पताल में हंगामा

सुपौल। बिहार के सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे कीर्तन कर रहे लोगों को कुचल दिया। कटैया चौक के पास एनएच-327ई पर हुए हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार, झूलन पूजा के अवसर पर कुछ लोग सड़क किनारे कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान पिपरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर भीड़ में जा घुसी। हादसे में तिलो दास, राजो दास और सुरेंद्र यादव की मौके पर मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल भुवनेश्वरी यादव और कृष्णा साह ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घायल रामचंद्र यादव को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने एनएच-327ई जाम कर दिया। बाद में सदर अस्पताल में भी हंगामा हुआ। सूचना पर डीएम सावन कुमार और एसपी सरथ आरएस अस्पताल पहुंचे और परिजनों से बात कर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।













