त्योहारों में विद्युत सुरक्षा को लेकर विभाग सतर्क, अवैध कनेक्शन पर होगी सख्त कार्रवाई
सिंगरौली। आगामी त्योहारों को देखते हुए विद्युत विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने आयोजकों और टेंट संचालकों से विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने कहा कि धार्मिक जुलूसों में वाहनों पर लगाए जाने वाले झंडे और बैनर बिजली लाइनों की ऊंचाई से नीचे रखें, ताकि दुर्घटना से बचा जा सके। जन्माष्टमी सहित अन्य आयोजनों में मटकी फोड़ कार्यक्रम विद्युत तारों से सुरक्षित दूरी पर आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पंडालों में बिजली व्यवस्था के लिए आयोजकों को अनिवार्य रूप से अस्थाई विद्युत कनेक्शन लेना होगा। टेंट संचालकों को खराब या कटे-फटे तारों का उपयोग नहीं करने तथा सुरक्षित सर्विस लाइन लगाने की हिदायत दी गई है।
बारिश के मौसम को देखते हुए लोहे के पाइपों को इंसुलेट करने और बड़े आयोजनों में वैकल्पिक जनरेटर व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं। विद्युत विभाग ने बताया कि त्योहारों में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। अवैध कनेक्शन लेकर बिजली उपयोग करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।











