जन प्रयास फाउंडेशन की 9वीं वर्षगांठ पर 6 सितंबर को लगेगा रक्तदान शिविर
मानव सेवा के संकल्प के साथ संस्था ने नागरिकों से की रक्तदान की अपील

सिंगरौली। जन प्रयास फाउंडेशन अपनी 9वीं वर्षगांठ के अवसर पर मानव सेवा एवं सामाजिक सरोकार को समर्पित करते हुए 6 सितंबर 2026, रविवार को रक्तदान शिविर का आयोजन करेगा। शिविर का आयोजन मिश्रा पॉलीक्लीनिक, बैढ़न में किया जाएगा।
संस्था की बैठक में वर्षगांठ के अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे उपस्थित सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया। संस्था पदाधिकारियों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
जन प्रयास फाउंडेशन ने जिलेवासियों, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे इस पुनीत अभियान में सहभागी बनकर स्वेच्छा से रक्तदान करें और मानव जीवन बचाने में अपना योगदान दें।
बैठक में डॉ. डी.के. मिश्रा, अमित द्विवेदी, मिथिलेश मिश्रा, अध्यक्ष शिवेंद्र पांडे, सचिव अमरदीप भारुका, जिला प्रभारी सत्येंद्र पांडे, आशीष शुक्ला, आशीष साहवाल, शिवकुमार पांडे, राहुल शर्मा एवं प्रीतेश पाठक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
संस्था ने कहा कि 9वीं वर्षगांठ को केवल उत्सव नहीं, बल्कि सेवा और सहयोग के संकल्प के रूप में मनाया जाएगा। “आपका रक्तदान, किसी के जीवन की नई उम्मीद बन सकता है।”










