बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत इस शनिवार 29 अगस्त को चरगोड़ा में आयोजित होगा वृहद शिविर

सिंगरौली, । राज्य शासन द्वारा जारी नवीन निर्देशों के अनुसार मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आगामी शनिवार, 29 अगस्त 2026 को जनपद पंचायत बैढ़न की ग्राम पंचायत चरगोड़ा में एक दिवसीय वृहद क्लस्टर शिविर का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्री गौरव बैनल के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है।

शिविर में ग्राम पंचायत चरगोड़ा सहित बरहपान, गोभा, पिपराकुरंद, करौटी एवं उर्ती को सम्मिलित किया गया है। इन ग्राम पंचायतों के ग्रामीण अपने विभागीय प्रकरणों, समस्याओं एवं लंबित आवेदनों के निराकरण के लिए शिविर में उपस्थित होकर संबंधित विभागों से लाभ प्राप्त कर सकेंगे।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि पूर्व में आयोजित शिविरों की भांति अपने-अपने प्रभार क्षेत्र की शासकीय संस्थाओं, जिनमें विद्यालय, आंगनवाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र सहित अन्य संस्थाएं शामिल हैं, का सघन निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने जनपद पंचायत बैढ़न क्षेत्र की लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का शत-प्रतिशत संतुष्टिपूर्ण निराकरण तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित आवेदनों का शिविर स्थल पर ही त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जिला प्रशासन ने संबंधित ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों से अपील की है कि वे 29 अगस्त को ग्राम पंचायत चरगोड़ा में आयोजित वृहद शिविर में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं का निराकरण कराएं तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।

Author

Related Articles

Back to top button