रक्षाबंधन पर बन रहे कई शुभ योग, 28 अगस्त को राखी बांधने के शुभ मुहूर्त

सिंगरौली। रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और स्नेह का पवित्र पर्व है। इस वर्ष श्रावण पूर्णिमा शुक्रवार 28 अगस्त को रक्षाबंधन मनाया जाएगा। ज्योतिषविद् पं. डॉ. एनपी मिश्र के अनुसार इस दिन कई शुभ योगों का संयोग बन रहा है, जिससे पर्व का धार्मिक महत्व और बढ़ गया है।
उन्होंने बताया कि 28 अगस्त को राखी बांधने का पहला शुभ मुहूर्त सुबह 6:23 से 9:48 बजे तक रहेगा। इसके अलावा अभिजित मुहूर्त दोपहर 12:04 से 12:53 बजे, शुभ चौघड़िया 12:28 से 2:03 बजे, अपराह्न काल 1:44 से 4:16 बजे तथा चर चौघड़िया शाम 5:13 से 6:48 बजे तक रहेगा।पं. मिश्र के अनुसार रक्षाबंधन पर शतभिषा नक्षत्र के साथ अतिगंड, शोभन, शिव और विजय योग बन रहे हैं। इसके अलावा बुधादित्य, धन, सुनफा सहित कई अन्य योग भी रहेंगे। ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार ऐसे शुभ संयोग में पूजा-पाठ, दान और रक्षा सूत्र बांधना फलदायी माना जाता है।
रक्षाबंधन पर बहनें भाई को तिलक लगाकर आरती उतारती हैं और दाहिनी कलाई पर राखी बांधती हैं। पूजा से पहले भगवान गणेश, विष्णु और इष्टदेव का पूजन करने तथा पहली राखी भगवान को अर्पित करने की परंपरा बताई गई है। इसके बाद भाई का मुंह पूर्व या उत्तर दिशा की ओर कराकर राखी बांधने और मिठाई खिलाने की विधि अपनाई जाती है। भाई बहन को उपहार देकर उसकी रक्षा और सम्मान का संकल्प लेता है।













