बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

पेड़ों को राखी बांध छात्राओं ने दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश

शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरई में पर्यावरण बचाने का लिया संकल्प

सिंगरौली। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरई में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पेड़ों को तिलक लगाया और रक्षासूत्र बांधकर प्रकृति के साथ अपने स्नेह और जिम्मेदारी के रिश्ते को मजबूत किया।

छात्राओं ने वृक्षों को केवल प्रकृति का हिस्सा नहीं, बल्कि जीवन के अभिन्न साथी के रूप में स्वीकार करते हुए उनकी सुरक्षा और संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान छात्राओं ने संदेश दिया कि वृक्षों की रक्षा करना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है, क्योंकि पेड़ ही पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

रक्षासूत्र बांधने के बाद छात्राओं के बीच मिष्ठान का वितरण किया गया, जिससे कार्यक्रम का उत्साह और बढ़ गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के रेडक्रॉस प्रभारी माखन लाल प्रजापति की देखरेख में संपन्न हुआ।इस अवसर पर रेडक्रॉस प्रभारी माखन लाल प्रजापति ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल जरूरत नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। वृक्ष धरती के प्राण हैं और इनके संरक्षण से ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं संतुलित वातावरण मिल सकेगा।

उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और संरक्षण की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं ने पर्यावरण बचाने और हरियाली बढ़ाने का सकारात्मक संदेश दिया।

Author

Related Articles

Back to top button