ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

विधायक कार्यालय में हर्षोल्लास से मनाया गया रक्षाबंधन पर्व, बहनों ने बांधी राखी

सिंगरौली -सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह के कार्यालय में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में माताएं एवं बहनें शामिल हुईं। बहनों ने विधायक रामनिवास शाह को तिलक लगाकर राखी बांधी और मुंह मीठा कराया। दूर-दराज से पहुंचीं बहनों ने विधायक की लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना करते हुए उन्हें रक्षासूत्र बांधा।
कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री परिवार के सदस्यों द्वारा कैलेंडर विमोचन एवं नशामुक्ति अभियान को सफल बनाने के संकल्प के साथ की गई। गायत्री परिवार से आए सदस्यों ने कहा कि नशामुक्ति अभियान की शुरुआत अपने घर और परिवार से की जा रही है। इसके बाद गांव-गांव और मोहल्ले-मोहल्ले पहुंचकर लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उपस्थित लोगों ने नशा नहीं करने और दूसरों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
रक्षाबंधन कार्यक्रम के दौरान विधायक रामनिवास शाह ने राखी बांधने पहुंचीं बहनों को उपहार भेंट किए और उनका आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में भाई-बहन के स्नेह और आत्मीयता का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर कार्यालय परिसर में कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय एवं आमंत्रित कवियों ने अपनी रचनाओं की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में साहित्यिक रंग भर दिया। उपस्थित कवियों का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश द्विवेदी, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडे, भाजपा महामंत्री विक्रम सिंह सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button