बारिश में धंस रहा मुरमीकरण, फंस रहे वाहन, लोग बोले, कमाई का अड्डा बना मार्ग…

मझौली बायपास बना जानलेवा रास्ता, जिम्मेदार बने बेपरवाह…
बारिश में धंस रहा मुरमीकरण, फंस रहे वाहन, लोग बोले, कमाई का अड्डा बना मार्ग…
संजय सिंह मझौली
नगर परिषद मझौली अंतर्गत निर्मित लगभग दो किलोमीटर की दूरी का बायपास मार्ग स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। जर्जर हालत में पहुंचे इस मार्ग की मरम्मत को लेकर प्रशासनिक लापरवाही और अनदेखी के आरोप लग रहे हैं। बारिश के चलते मार्ग की स्थिति और भी बदतर हो चुकी है। विगत दिनों मार्ग में एक ट्रक धंस गया, जिसे जेसीबी से निकालने की कोशिश भी नाकाम रही।
स्थानीय लोगों ने बताया, कई माह से बायपास मार्ग की हालत खराब है। विरोध और शिकायतों के बाद मात्र दिखावे के तौर पर एक पखवाड़े पहले मुरमीकरण कराया गया था। मगर हाल ही में हुई बारिश के बाद मार्ग की हालत अत्यंत खराब हो गई है। वाहनों के पहिये धंस रहे हैं, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बाजार में लग रहा जाम-
मझौली बायपास की हालत खराब होने से बड़े वाहनों का आवागमन भी बाजार क्षेत्र के मार्ग से होता है, जिससे आए दिन जाम की स्थिति निर्मित होती है। घंटो जाम लगा रहता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूलों के लगने के समय व छुट्टी के समय पर होती है। जाम के कारण वाहन संचालक, व्यापारी एवं आमजन भी परेशान हो रहे हैं।
आरोप: मार्ग बना कमाई का जरिया-
स्थानीय लोगों का आरोप है, मझौली बायपास मार्ग विभाग के लिए कमाई का जरिया बन चुका है। पहले इसके निर्माण में जमकर भ्रष्टाचार करते हुए गुणवत्ता विहीन कार्य कराया गया, अब जर्जर मार्ग के मरम्मतीकरण के नाम पर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। कुल मिलाकर यह मार्ग विभाग के लिए कमाई का जरिया बना हुआ है।
गुणवत्तापूर्ण मरम्मत एवं जांच की मांग-
स्थानीय लोगों ने बायपास मार्ग की तत्काल गुणवत्ता पूर्ण मरम्मत कराए जाने और इसमें हुई अनियमितताओं के जांच की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
महेंद्र सिंह गौतम अध्यक्ष अधिवक्ता संघ मझौली
बाई पास सड़क की परेशानी दिनों दिन बढ़ती जा रही है दिखावे के लिए विभाग द्वारा इसमें मुरम डाल कर खाना पूर्ति की जा रही है इस मार्ग से इन दिनों पैदल निकलना मुश्किल है संविदाकार व विभाग की लापरवाही को ग्रामीण झेल रहे हैं।
विदेश सिंह कांग्रेस नेता
यह सड़क मार्ग अब विभाग के लिए पैसा खाने का एक जरिया बन चुका है सबसे गम्भीर बात तो यह है की अभी तक राजस्व व सम्बंधित विभाग द्वारा उन किसानो को एक पैसे का मुआवजा नही दिया गया जिनके जमीन से यह सड़क निकाली गई है।
प्रवीण तिवारी भाजपा मण्डल अध्यक्ष
सम्बंधित विभाग व राजस्व के जिम्मेवारों की लापरवाही के कारण अभी तक भूमि अधिग्रहण का कार्य नही हो पाया है विधायक जी ने सड़क मार्ग की लापरवाही को लेकर जिम्मेवारों को फटकार लगाई थी जिसमे मात्र मुरम डालकर पल्ला झाड़ लिया गया है पुनः उन्हें इससे अवगत करा कर मार्ग ब्यवस्थित व कराया जाएगा।
स्तुति गौतम एस डी ओ
लोंगों की परेशानी बरसात के कारण बढ़ी है यह हम भी समझ सकते हैं संविदाकार को नोटिस जारी कर दी गई है 3 तारीख से वह सड़क का कार्य शुरू कर देगा ।













