मध्य प्रदेशसीधी

सीधी में बस और कार की आमने-सामने भीषण टक्कर, महिला सहित 3 की मौत, 5 साल की बच्ची गंभीर

 

सीधी। मध्यप्रदेश के सीधी जिले में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार महिला सहित 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 साल की मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा चुरहट थाना क्षेत्र के अमरपुर स्थित बेहड़ा मोड़ के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार निजी बस और कार के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीम घटनास्थल पर पहुंची।

 

जानकारी के अनुसार, कार में 4 लोग सवार थे और वह सीधी से रामपुर नैकिन की ओर जा रही थी। इसी दौरान रीवा से सीधी की तरफ आ रही एक निजी बस से अमरपुर के बेहड़ा मोड़ के पास उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार 3 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में घायल 5 वर्षीय बच्ची कार के अंदर ही रोती-बिलखती मिली।

 

कार में रोती मिली मासूम बच्ची

 

कुआं गांव निवासी प्रत्यक्षदर्शी विनय मिश्रा के मुताबिक, हादसे की जानकारी मिलने पर वह घटनास्थल पहुंचे तो कार में 3 लोगों की मौत हो चुकी थी और एक बच्ची घायल अवस्था में रो रही थी। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल डायल 112 और एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस और एंबुलेंस की टीम पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया और घायल बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

 

बच्ची ने बताया अपना नाम रानी तिवारी

 

चुरहट अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर अनूप सिंह ने बताया कि हादसे में 3 लोगों की मौत हुई है, जबकि घायल बच्ची अपना नाम रानी तिवारी बता रही है। बच्ची की हालत गंभीर है और उसका उपचार किया जा रहा है। फिलहाल मृतकों के नाम और पते की पुष्टि नहीं हो सकी है। बस में कितने यात्री सवार थे, इसकी जानकारी भी जुटाई जा रही है।

 

पुलिस हादसे के कारणों और मृतकों की पहचान से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

 

Author

Related Articles

Back to top button