बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

देवदर्शन के लिए निकले परिवार की दर्दनाक मौत, पिकअप की टक्कर से पति-पत्नी और 5 माह के मासूम की गई जान

 

शाजापुर। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। सारंगपुर-अकोदिया मार्ग पर गोदना गांव के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी और उनके 5 महीने के मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।

 

जानकारी के अनुसार, अजीत पिता रामसिंह पंवार अपनी पत्नी पूजा और पांच महीने के बेटे के साथ आष्टा की इंद्र कॉलोनी में रहते थे। शनिवार को पूरा परिवार देवदर्शन के लिए घर से निकला था। इसी दौरान सारंगपुर-अकोदिया मार्ग पर गोदना गांव के पास अचानक एक कुत्ता बाइक के सामने आ गया। बाइक सवार कुछ समझ पाते, इससे पहले ही पीछे से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने पिकअप वाहन को पकड़ लिया और घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही डायल 112 की टीम और सलसलाई थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।

 

पुलिस के अनुसार, बाइक सवार के पास हेलमेट मौजूद था, लेकिन हादसे के समय उन्होंने हेलमेट पहना था या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

 

इस हृदयविदारक हादसे ने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं। जिस परिवार के लिए शनिवार का दिन खुशियों और यादगार पलों का दिन होना था, उसी दिन परिवार के तीन सदस्यों की जिंदगी का सफर हमेशा के लिए थम गया। आष्टा की इंद्र कॉलोनी सहित आसपास के इलाके में मातम पसरा हुआ है।

 

Author

Related Articles

Back to top button