सऊदी अरब के लिए एयर इंडिया की उड़ानें 14 नवंबर तक बंद, जेद्दा-रियाद और दम्माम जाने वाले यात्रियों को मिलेगी राहत

नई दिल्ली। सऊदी अरब में तनावपूर्ण हालात और नागरिक ठिकानों पर हमलों की खबरों के बीच एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बड़ा फैसला लिया है। दोनों विमानन कंपनियों ने जेद्दा, रियाद और दम्माम के लिए अपनी उड़ानें 14 नवंबर 2026 तक अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं। इस फैसले से सऊदी अरब जाने और वहां से भारत लौटने वाले यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित होंगी।
हालांकि, एयरलाइंस ने प्रभावित यात्रियों को राहत देते हुए टिकट की तारीख एक बार बिना अतिरिक्त शुल्क के बदलने या टिकट रद्द कराने पर पूरा रिफंड लेने का विकल्प दिया है। यह सुविधा उन यात्रियों को मिलेगी, जिनके टिकट 30 अक्टूबर 2026 या उससे पहले जारी किए गए हैं और जिनकी यात्रा 14 नवंबर तक निर्धारित थी।
यात्री उपलब्ध सीटों के आधार पर 29 नवंबर 2026 तक की यात्रा के लिए अपनी बुकिंग में बदलाव करा सकेंगे। एयर इंडिया के यात्री सऊदी अरब में उसके किसी भी चालू स्टेशन से आने-जाने के लिए रीबुकिंग करा सकते हैं। वहीं, एयर इंडिया एक्सप्रेस के यात्रियों को सऊदी अरब और बहरीन में उसके चालू स्टेशनों के लिए यह सुविधा मिलेगी।
प्रभावित यात्री एयरलाइंस की ग्राहक सेवा, टिकट बुकिंग कार्यालयों और आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कॉल सेंटर के माध्यम से रिफंड और रीबुकिंग की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। कंपनियों ने यात्रियों को एयरपोर्ट रवाना होने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जांचने की सलाह दी है।
हमलों के बाद लिया गया फैसला
दरअसल, सऊदी अरब में हाल के दिनों में हवाई अड्डों और अन्य नागरिक ठिकानों पर हमलों की खबरें सामने आई हैं। रियाद और दम्माम के हवाई अड्डे भी निशाने पर रहे हैं। दम्माम एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हुई, जबकि 2 अन्य घायल हो गए। इसके अलावा शायबाह तेल क्षेत्र पर हुए हमले में भी एक भारतीय नागरिक के घायल होने की खबर है। सुरक्षा हालात को देखते हुए विमानन कंपनियों ने यह अस्थायी फैसला लिया है।













