मध्य प्रदेशसिंगरौली

गोभा में आदिवासी बैगा युवक से मारपीट का आरोप, प्रशासन से न्याय की मांग

सिंगरौली। जिले की ग्राम पंचायत गोभा में वन विभाग के कर्मचारियों पर एक आदिवासी बैगा युवक के साथ अमानवीय मारपीट करने का गंभीर आरोप सामने आया है। पीड़ित युवक लाल जी बैगा का आरोप है कि 9 दिसंबर 2025 को वन विभाग के कर्मचारी उसे जबरन वन चौकी ले गए, जहां एक बंद कमरे में उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। इस घटना में युवक को गंभीर चोटें आईं और उसका एक हाथ टूट गया।

 

पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने संबंधित थाने और अधिकारियों को शिकायत दी, लेकिन अब तक न तो एफआईआर दर्ज की गई है और न ही आरोपित कर्मचारियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई हुई है। इससे परिवार में रोष व्याप्त है।
इस मामले को लेकर बैगा समाज संघ, मध्यप्रदेश (जिला इकाई सिंगरौली) के सचिव मुनीलाल बैगा ने कलेक्टर सिंगरौली को ज्ञापन सौंपते हुए दोषी वन विभाग कर्मचारियों के विरुद्ध अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने, आरोपियों को निलंबित करने और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

संघ ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो बैगा समाज द्वारा जिला मुख्यालय सिंगरौली में अनिश्चितकालीन अनशन शुरू किया जाएगा।वहीं मामले पर वन विभाग के एसडीओ एनके त्रिपाठी ने बताया- पीड़ित युवक के खिलाफ पहले से एक अपराध प्रकरण दर्ज था, जिसके तहत उसे कोर्ट में पेश किया गया था। न्यायालय से उसे जमानत मिल चुकी है। इसके बाद युवक के साथ क्या हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। यदि मारपीट की कोई घटना हुई है, तो उसकी जांच कराई जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button