चलती ट्रेन से बेटे को लात मारकर फेंका
गेट पर बैठने को लेकर हुआ विवाद, मां-बाप के सामने युवक की दर्दनाक मौत; यात्रियों ने आरोपी को पकड़कर जीआरपी को सौंपा

मथुरा। हाथरस से मथुरा आ रही पैसेंजर ट्रेन में शुक्रवार दोपहर मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। गेट के पास बैठने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने मां-बाप के सामने ही उनके बेटे जतिन को लात मारकर चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया। गंभीर चोट लगने से जतिन की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक हाथरस के रानी का नगला निवासी संजू देवी और लख्मी चंद्र अपने बेटों अनुज और जतिन के साथ मथुरा जा रहे थे। राया और लक्ष्मी नगर स्टेशन के बीच गेट के पास बैठने को लेकर जतिन का अलीगढ़ निवासी विजेंद्र से विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों में हाथापाई हुई। इसी दौरान विजेंद्र ने जतिन के सीने पर लात मार दी, जिससे वह ट्रेन से नीचे गिर गया।
घटना के बाद यात्रियों ने इमरजेंसी चेन खींचकर ट्रेन रोकी। परिजन और यात्री घायल जतिन को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन यात्रियों ने उसे पकड़ लिया और जीआरपी के हवाले कर दिया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।













