देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

महानंदा एक्सप्रेस के दो कोच डिरेल

आरा में तड़के हादसा, गलत सिग्नल से सासाराम लाइन की ओर गई ट्रेन; कई ट्रेनें प्रभावित, स्टेशन प्रबंधक निलंबित

भोजपुर। बिहार के आरा में रविवार तड़के करीब 4 बजे 15483 अलीपुरद्वार जंक्शन-दिल्ली महानंदा एक्सप्रेस के दो कोच पटरी से उतर गए। हादसा पंडित दीनदयाल उपाध्याय-दानापुर रेलखंड पर आरा स्टेशन के पास हुआ। एक जनरल और एक एसी कोच के डिरेल होने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार ट्रेन आरा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर पहुंची थी। इसके बाद दिल्ली की ओर रवाना होने के दौरान ट्रेन का सिग्नल कथित तौर पर सासाराम लाइन की ओर चला गया। ट्रेन करीब 200 मीटर आगे बढ़ी और अप लाइन में उसके दो कोच पटरी से उतर गए। दोनों कोच के दो-दो पहिए डिरेल हुए बताए गए हैं।

रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। डिरेल कोचों को अलग करने के बाद करीब साढ़े तीन घंटे में ट्रेन को रवाना कर दिया गया। इस दौरान दिल्ली-हावड़ा रूट पर परिचालन प्रभावित रहा और कई ट्रेनें देरी से चलीं।

हादसे के बाद आरा स्टेशन प्रबंधक एनके राय को निलंबित कर दिया गया। उन्होंने शुरुआती तौर पर गलत सिग्नल को हादसे की वजह बताया, हालांकि रेलवे की तकनीकी जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।

Author

Related Articles

Back to top button