बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कृषि उपज मंडी के सामने दुकानों से एसी का कॉपर पाइप चुराने वाला गिरोह पकड़ाया, कबाड़ी समेत चार बाल अपचारी निरूद्ध

करीब 35-40 दुकानों से काटे गए थे पाइप व तार, 50 हजार का माल बरामद

चोरी का माल खरीदने वाला दुकानदार भी गिरफ्तार, दो फरार किशोरों की तलाश जारी

बैढ़न (सिंगरौली)।कृषि उपज मंडी के सामने स्थित करीब तीन दर्जन दुकानों से एयर कंडीशनर (एसी) के कॉपर पाइप और पावर केबल चोरी करने वाले गिरोह का बैढ़न थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में 4 विधि विरुद्ध बालकों (नाबालिगों) को अभिरक्षा में लेने के साथ ही चोरी का माल खरीदने वाले एक दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से गलाया हुआ कॉपर पाइप और जला हुआ तार बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी गई है।

जानकारी के अनुसार, 1 सितंबर की दरम्यानी रात 11 बजे से सुबह 5 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने कृषि उपज मंडी के सामने बनी लगभग 35 से 40 दुकानों के एसी कॉपर पाइप और पावर केबल काटकर पार कर दिए थे। दुकानदारों की शिकायत पर बैढ़न थाने में धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 1147/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज के.एम. के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर हेमंत कुमार के मार्गदर्शन में बैढ़न थाना प्रभारी व पुलिस टीम ने सुरागरसी शुरू की। जांच के दौरान कुल 6 नाबालिगों द्वारा वारदात को अंजाम देने का सुराग मिला, जिस पर पुलिस ने घेराबंदी कर 4 बाल अपचारियों को दस्तयाब किया।

पूछताछ में नाबालिगों ने बताया कि उन्होंने चोरी किया गया कॉपर पाइप व केबल खुटार निवासी दुकानदार रविचंद्र शाह (उम्र 32 वर्ष, पिता रामजनम शाह) को बेचा था। इसके बाद पुलिस ने तत्काल दबिश देकर आरोपी दुकानदार रविचंद्र शाह को हिरासत में ले लिया और उसके कब्जे से गलाया हुआ एसी कॉपर पाइप एवं जला हुआ तांबे का तार बरामद किया। पुलिस ने दुकानदार को भी प्रकरण में सह-आरोपी बनाया है।

घटना में संलिप्त दो अन्य फरार किशोरों की तलाश की जा रही है। इस त्वरित खुलासे में उपनिरीक्षक विनय शुक्ला, सहायक उपनिरीक्षक अनुज प्रताप सिंह, अशोक सिंह बघेल, प्रधान आरक्षक अजीत सिंह, शिवम सिंह तथा आरक्षक अनीष पाण्डेय की सराहनीय भूमिका रही।

Author

Related Articles

Back to top button