नवानगर पुलिस ने अवैध रेत से लदा हाइवा किया जब्त
कांग्रेस नेता व जिपं सदस्य का बताया जा रहा वाहन,नौगढ़ इलाके में नदी से अवैध उत्खनन कर ले जाई जा रही थी रेत, दस्तावेज न मिलने पर पुलिस ने की जब्ती, खनिज विभाग को भेजी गई रिपोर्ट

सिंगरौली।जिले में 15 अक्टूबर तक नदियों से रेत निकासी पर लगे प्रतिबंध के बावजूद अवैध उत्खनन और परिवहन का खेल जारी है। इस पर नकेल कसते हुए नवानगर थाना पुलिस ने रविवार को नौगढ़ इलाके से रेत से भरे एक हाइवा को जब्त किया है। शुरुआती जांच में जब्त वाहन कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य संदीप साहू का बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस वाहन के मालिकाना हक से जुड़े दस्तावेजों की पुष्टि कर रही है।
नवानगर थाना प्रभारी राकेश साहू के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नौगढ़ क्षेत्र से बहने वाली स्थानीय नदी से कुछ लोग अवैध रूप से रेत निकाल रहे हैं। सूचना मिलते ही रविवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान एक हाइवा रेत लोड कर वहां से निकल रहा था।
पुलिस टीम ने वाहन को रोककर चालक से रेत परिवहन व रॉयल्टी से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन मौके पर कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद पुलिस ने तत्काल प्रभाव से हाइवा को जब्त कर लिया।
स्थानीय ग्रामीण आशीष कुमार ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कुछ दबंग खनिज विभाग की कथित मिलीभगत से लगातार अवैध रेत खनन व परिवहन कर रहे हैं। इधर, पुलिस का कहना है कि वाहन के दस्तावेजों और परिवहन रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की जा रही है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए खनिज विभाग को भी सूचना दे दी गई है। खनिज विभाग की जांच रिपोर्ट आने के बाद अवैध उत्खनन के संबंध में आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।











