देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

बागपत में एक्सप्रेस-वे पर डिवाइडर से टकराकर पलटी श्रद्धालुओं से भरी पिकअप, 6 की मौत व 30 घायल

बागपत।उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में एक बच्चे सहित 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 30 लोग घायल हो गए हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा खेकड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ागांव कट के पास हुआ।

जानकारी के अनुसार, पिकअप में सवार सभी श्रद्धालु राजस्थान से उत्तर प्रदेश के बदायूं जा रहे थे। देर रात करीब 12:30 बजे डायल-112 पर सूचना मिलते ही खेकड़ा थाना पुलिस, चार पीआरवी वैन और एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर गाड़ी में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला।

घायलों को तत्काल सीएचसी खेकड़ा, बागपत और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल 14 लोगों को बेहतर इलाज के लिए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मेरठ मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. अजीत चौधरी के मुताबिक, हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। बाकी घायलों का इमरजेंसी में उपचार जारी है।

पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर एक्सप्रेस-वे पर यातायात सुचारू कराया। शुरुआती जांच में गाड़ी की तेज रफ्तार और अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

Author

Related Articles

Back to top button