बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपाल

‘काजी कैंप पर मिसाइल गिरा दो’: बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा के बयान पर गरमाई सियासत, कांग्रेस ने सरकार से मांगा जवाब

भोपाल के करोंद में मटकी फोड़ कार्यक्रम के दौरान दिया विवादित बयान, बाद में दी सफाई

भोपाल।मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के हुजूर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा के ‘मिसाइल’ वाले बयान पर प्रदेश का सियासी पारा चढ़ गया है। रविवार रात करोंद के भगत सिंह चौराहे पर आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता के दौरान मंच से दिए गए उनके बयान को लेकर कांग्रेस ने कड़ा ऐतराज जताते हुए प्रदेश सरकार से जवाब मांगा है।

कार्यक्रम के दौरान जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा, “तुम करोंद के चौराहे पर खड़े होकर मिसाइल लगाओ और काजी कैंप पर गिरा दो।” हालांकि, बयान के तुरंत बाद विवाद भांपते हुए उन्होंने मंच से ही सफाई दी और कहा कि उनके कहने का मतलब भोपाल का काजी कैंप नहीं, बल्कि इस्लामाबाद वाला काजी कैंप था।

संबोधन में उन्होंने हिंदू एकता और राष्ट्रवाद पर जोर देते हुए कहा कि समाज को जातिगत विभाजन से ऊपर उठना चाहिए। पाकिस्तान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले समय में लाहौर, ढाका और इस्लामाबाद में भी मटकी फोड़ प्रतियोगिताएं हो सकती हैं।

विधायक के इस बयान पर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया कोऑर्डिनेटर अब्बास हाफिज ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से इस मामले पर सरकार का रुख स्पष्ट करने की मांग की है। हाफिज ने विधायक की सफाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि इंटरनेट या नक्शे पर पाकिस्तान में काजी कैंप नाम की कोई जगह दर्ज नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि विधायक आखिर किस काजी कैंप को निशाना बनाने की बात कर रहे थे और क्या सरकार ऐसे बयानों का समर्थन करती है?

Author

Related Articles

Back to top button