डुमना एयरपोर्ट पर तकनीकी खराबी के चलते इंडिगो की इंदौर फ्लाइट अचानक रद्द, यात्रियों का हंगामा

जबलपुर।डुमना एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हैदराबाद से जबलपुर होते हुए इंदौर जाने वाली इंडिगो की नियमित फ्लाइट तकनीकी खराबी के कारण ऐन वक्त पर निरस्त कर दी गई। विमान हैदराबाद से सही समय पर डुमना पहुंच चुका था और उसे सुबह 9:20 बजे इंदौर के लिए रवाना होना था, लेकिन बोर्डिंग से ठीक पहले आई गंभीर तकनीकी गड़बड़ी के चलते उड़ान रद्द करनी पड़ी। बिना पूर्व सूचना अचानक फ्लाइट निरस्त होने से नाराज यात्रियों ने एयरपोर्ट पर एयरलाइन प्रबंधन के खिलाफ जमकर रोष जताया।
जानकारी के अनुसार, हैदराबाद से जबलपुर पहुंचे विमान में ग्राउंड स्टाफ ने इंदौर जाने वाले यात्रियों का सामान भी लगेज कंपार्टमेंट में लोड कर दिया था। बोर्डिंग की प्रक्रिया शुरू होने ही वाली थी कि तकनीकी विशेषज्ञों को विमान प्रणाली में खराबी का अंदेशा हुआ। सुरक्षा मानकों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रबंधन ने उड़ान को तत्काल रोकने का निर्णय लिया।
विमान कंपनी की इस अप्रत्याशित घोषणा के बाद टर्मिनल पर यात्री आक्रोशित हो उठे। कई यात्रियों की जरूरी बैठकें और पारिवारिक कार्यक्रम छूट गए। सबसे ज्यादा परेशानी उन यात्रियों को उठानी पड़ी जिनका सामान विमान में लोड हो चुका था, जिसे वापस पाने के लिए उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ा।
प्रबंधन ने कुछ मुसाफिरों को दिल्ली के रास्ते इंदौर भेजने की वैकल्पिक व्यवस्था की, जबकि अधिकांश यात्रियों को अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी। कई मुसाफिर निराश होकर वापस लौट गए, तो कुछ गंतव्य तक पहुंचने के लिए सड़क और रेल मार्ग के विकल्प तलाशते नजर आए।













