देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

टीएमसी सांसद नदीमुल हक पर ईडी का शिकंजा, दिल्ली और कोलकाता में कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

नई दिल्ली/कोलकाता।प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राज्यसभा सांसद मोहम्मद नदीमुल हक से जुड़े विभिन्न ठिकानों पर सोमवार सुबह एक साथ छापेमारी की। ईडी की टीमों ने दिल्ली और कोलकाता स्थित उनके कई परिसरों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया है। जांच के दायरे में कोलकाता स्थित उनका आवास, दिल्ली का सरकारी आवास तथा उनके द्वारा निर्देशित उर्दू दैनिक ‘अखबार-ए-मशरिक’ के कार्यालय शामिल हैं।

कोलकाता में पार्क सर्कस स्थित दरगा रोड पर ‘अखबार-ए-मशरिक’ के मुख्य दफ्तर पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की मौजूदगी में तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर कार्यालय का मुख्य द्वार बंद कर दिया गया है और भीतर मौजूद किसी भी व्यक्ति को बाहर जाने या बाहरी व्यक्ति को अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई है। वहीं दिल्ली स्थित सांसद के सरकारी आवास पर भी टीम दस्तावेजों को खंगाल रही है, जिसका इस्तेमाल अस्थायी रूप से टीएमसी कार्यालय के रूप में भी होता रहा है।

सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट में दर्ज एक एफआईआर के आधार पर ईडी द्वारा दर्ज की गई ईसीआईआर (ECIR) के तहत की जा रही है। जांच एजेंसी मुख्य रूप से संदिग्ध वित्तीय लेन-देन और कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है। चूंकि ‘अखबार-ए-मशरिक’ का प्रकाशन कोलकाता के अलावा दिल्ली, रांची, लखनऊ, भोपाल, आसनसोल, सिलीगुड़ी और श्रीनगर से भी होता है, इसलिए एजेंसी विभिन्न केंद्रों से संबंधित वित्तीय लेन-देन और बैलेंस शीट की भी पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में वित्तीय लेन-देन की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Author

Related Articles

Back to top button