
मुंबई।वैश्विक स्तर पर अपनी खास पहचान बना चुकीं भारतीय अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा एक बार फिर अपने अनूठे फैशन सेंस को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में हैं। पेरिस में आयोजित प्रतिष्ठित ‘2026 एलवीएमएच प्राइज’ (LVMH Prize) समारोह में शिरकत करने पहुंचीं प्रियंका का शाही और बोल्ड अंदाज देखते ही बना। काले और सफेद रंग के प्रयोगात्मक संयोजन वाली उनकी ड्रेस ने फैशन प्रेमियों और प्रशंसकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
समारोह में प्रियंका पारंपरिक ग्लैमर से अलग एक आधुनिक और बोल्ड लुक में नजर आईं। उनके परिधान में हॉल्टर नेकलाइन और बॉडी-फिटेड पैटर्न के साथ कमर के आसपास आकर्षक फ्लोरल डिटेलिंग की गई थी, जबकि नीचे पारदर्शी स्कर्ट डिजाइन ने इसे बेहद खास बना दिया। अपने लुक को संतुलित रखते हुए उन्होंने स्लीक हेयर बन, मिनिमल ज्वैलरी और ब्लैक हील्स कैरी की, जिससे पूरा ध्यान उनकी ड्रेस और आत्मविश्वास पर टिका रहा।
सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें सामने आते ही प्रशंसकों ने उन्हें ‘क्वीन’ बताते हुए जमकर सराहना की। उनके पति और अमेरिकी पॉप स्टार निक जोनस ने भी पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी।
इस प्रतिष्ठित समारोह में प्रियंका केवल एक वैश्विक सेलिब्रिटी के रूप में ही नहीं, बल्कि युवा और उभरते डिजाइनरों के समर्थन में भी खड़ी नजर आईं। उन्होंने नए विचारों और रचनात्मकता की सराहना करते हुए डिजाइनरों को मंच देने की इस पहल को महत्वपूर्ण बताया। गौरतलब है कि इस साल बेल्जियम की डिजाइनर जूली केगल्स को 2026 एलवीएमएच प्राइज का विजेता घोषित किया गया, जिन्हें 4 लाख यूरो की राशि और एक वर्ष तक पेशेवर मार्गदर्शन मिलेगा।













