सागर के बाद दमोह में शराब पीने से युवक की हालत बिगड़ी
फेफड़ों में पानी भरने की बात सामने आई, जिला अस्पताल से जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर

दमोह। सागर में संदिग्ध जहरीली शराब से मौतों का मामला अभी थमा भी नहीं है कि दमोह जिले में शराब पीने के बाद एक युवक की हालत गंभीर हो गई। गणेशपुरम हरदुआ गांव निवासी भगवान सिंह (25) पिता दामोदर गौंड की सोमवार देर रात तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
युवक के चचेरे भाई मूरत सिंह के अनुसार, भगवान सिंह सोमवार दोपहर दो लोगों के साथ सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र के बलेह गांव गया था। वहां शराब पीने के बाद वह गांव लौट आया और यहां भी शराब का सेवन किया। शाम के समय उसके मुंह से झाग निकलने लगा और उल्टियां होने लगीं। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए।
डॉक्टरों ने फेफड़ों में पानी भरने की बताई बात
जिला अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों ने उसके फेफड़ों में पानी भरने की बात कही। हालत गंभीर होने पर पानी निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन बेहतर उपचार के लिए उसे जबलपुर रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी आनंद कलादगी, तेंदूखेड़ा एसडीओपी समेत पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और युवक व परिजनों से जानकारी ली। परिजनों ने गांव में पिछले 2 महीने से अवैध शराब बिक्री का आरोप लगाया है। पुलिस ने बयान दर्ज कर अवैध शराब के स्रोत और विक्रेताओं की जांच शुरू कर दी है।













